बुरहानपुर शहर के जयस्तंभ क्षेत्र की निवासी श्रीमती सुरेखा के लिए मां बनना जीवन का एक अनमोल अनुभव रहा। गर्भावस्था के दौरान परिवार की आर्थिक परिस्थितियों के बीच स्वास्थ्य, पोषण और नियमित जांच को लेकर चिंताएं भी थीं। ऐसे समय में ‘‘प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना’’ परिवार के लिए आर्थिक संबल बनकर सामने आई।
योजना के माध्यम से पात्रतानुसार हितग्राही को सहायता प्राप्त हुई, जिससे गर्भावस्था के दौरान पोषण, स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं और अन्य जरूरी खर्चों में सहायता मिली। लाभार्थी श्रीमती सुरेखा बताती हैं कि योजना से मिली आर्थिक सहायता ने गर्भावस्था के समय में परिवार की चिंता कम की। नियमित स्वास्थ्य जांच और बेहतर पोषण पर ध्यान देने में मदद मिली तथा मां और बच्चे के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल संभव हुई।
लाभार्थी श्रीमती सुरेखा कहती है कि ‘‘प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना’’ से मातृत्व के इस महत्वपूर्ण सफर में सरकार का सहयोग और संबल मिला हैं। योजना से मिली सहायता ने गर्भावस्था के दौरान हमारा सहारा बढ़ाया। विदित है कि ‘‘प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना’’ केन्द्र सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की मातृत्व लाभ योजना है।
इसका उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को आर्थिक सहायता देकर मां और बच्चे के स्वास्थ्य, पोषण तथा उचित देखभाल को बढ़ावा देना है।




