सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम, बुरहानपुर द्वारा सेवा सदन लॉ कॉलेज परिसर में सेवा सेतु अभियान के तहत ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
शिविर में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ एवं स्वीकृति पत्रक तथा प्रमाण-पत्रों का वितरण किया गया। पेंशन, संबल कार्ड, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी एवं आधार कार्ड अपडेशन के लिए विशेष कैंप लगाए गए। राजस्व, राशन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित नागरिकों की समस्याएं एवं आवेदन भी प्राप्त किए गए तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों एवं हितग्राहियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देने के साथ आवश्यक जांच भी की गई। वहीं आयुष विभाग द्वारा नागरिकों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने अवलोकन किया और विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली।
शिविर में नागरिकों से सीधा संवाद, हितग्राहियों ने साझा किए अनुभव
शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नागरिकों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस अवसर पर लाभार्थियों द्वारा अपने अनुभव भी साझा किए गए। बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि सेवा सेतु ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को पात्र हितग्राहियों तक सहज रूप से पहुंचाना और नागरिकों की समस्याओं का उचित समाधान सुनिश्चित करना है।
अलग-अलग विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से नागरिकों को सुविधा मिली है उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जनसेवा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। सेवा सेतु शिविर इसी संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
महापौर श्रीमती माधुरी पटेल ने कहा कि पात्र नागरिक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लें और अपने आसपास के अन्य पात्र नागरिकों को भी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं नागरिकों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं एवं आवेदनों का समयबद्ध निराकरण प्राथमिकता से किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों का निराकरण मौके पर संभव है, उन्हें तत्काल निराकृत किया जाए तथा अन्य प्रकरणों में भी आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर पात्र हितग्राही को लाभ दिलाया जाए। शिविर में जिला अध्यक्ष श्री मनोज माने, अन्य जनप्रतिनिधिगण, डिप्टी कलेक्टर श्री तपीश पांडेय, नगर निगम आयुक्त श्री संदीप श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।





