शासन की मंशानुसार नागरिकों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर निगरानी एवं व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में गंभीर अवस्था में भर्ती हुई महिला मरीज का चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की तत्परता से सफल उपचार किया गया एवं स्वस्थ होने पर घर भेजा गया।

तत्काल उपचार से स्वास्थ्य में आया सुधार

ग्राम मंझगाँव निवासी 30 वर्षीय महिला 8 माह की गर्भवती थीं। अगस्त माह में प्रसव के बाद महिला मरीज को सीवियर एनीमिया एवं सेप्टिक शॉक के साथ गंभीर स्थिति में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। भर्ती के समय तेज बुखार, हाईपोटेंशन, कम प्लेटलेट तथा किडनी की जांचे असामान्य थी।महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत उच्च श्रेणी की एंटीबायोटिक एवं रक्ताधान शुरू कर आईसीयू में भर्ती किया गया।

3 यूनिट पीआरबीसी, 2 यूनिट संपूर्ण रक्त, 6 यूनिट आरडीपी एवं 1 यूनिट एसडीपी चढ़ाए गए। रोगी कल्याण समिति के माध्यम से दवाओं एवं एल्ब्यूमिन उपलब्ध कराया गया। महिला का आईसीयू में सतत् उपचार चला। उपचार एवं बेहतर चिकित्सकीय देखभाल से महिला के स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हुआ। महिला मरीज के स्वस्थ होने पर जिला चिकित्सालय से से छुट्टी दी गई।

महिला मरीज के पति ने, तत्काल उपचार एवं सहायता मिलने पर शासन एवं स्वास्थ्य विभाग को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा मेरे परिवार को पूरा सहयोग दिया गया, जिससे मेरी पत्नि स्वस्थ हो सकी। यह जिला चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकों की तत्परता, स्वास्थ्यकर्मियों की संवेदनशीलता एवं विभागीय समन्वय का परिणाम है।