इंदौर जिले में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित संकुल स्तरीय संगठनों ( CLF) की साधारण सभाओं का आयोजन ‘ सेवा संकल्प अभियान ’ के तहत किया जा रहा है। जिला कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री हिमांशु प्रजापति के निर्देशन में जिले में गठित 19 संकुल स्तरीय संगठनों में से अब तक 16 CLF द्वारा साधारण सभा का आयोजन किया जा चुका है।

साधारण सभा का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों एवं संकुल स्तरीय संगठनों में पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन, जवाबदेही एवं आजीविका गतिविधियों को सशक्त बनाना है। सभा में स्वयं सहायता समूहों/परिसंघों के वर्षभर के आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। साथ ही समूहों एवं सामुदायिक संस्थाओं द्वारा दिए गए ऋण एवं उसके पुनर्भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की जा रही है।

लखपति दीदी की कार्ययोजना पर विशेष जोर

साधारण सभा में लखपति दीदी के अंतर्गत संचालित आयवर्धक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए आगामी कार्ययोजना तैयार की जा रही है। कृषि, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण, लघु उद्योग एवं अन्य स्थानीय आजीविका गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं को स्थायी आय के अवसरों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उद्यम पंजीयन एवं महिला स्वास्थ्य पर भी फोकस

महिला समूहों एवं उद्यमियों को औपचारिक व्यवसाय से जोड़ने के उद्देश्य से उद्यम/उद्योग आधार पंजीयन संबंधी जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं ‘ सेवा संकल्प अभियान ’ के अंतर्गत साधारण सभा में उपस्थित स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जा रहा है।

महिलाओं को शासकीय योजनाओं से अधिक से अधिक लाभान्वित करने के उद्देश्य से उपरोक्त साधारण सभा में विभिन्न विभागों के शासकीय अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों द्वारा भी प्रतिभाग किया जाकर उपस्थित समूह की महिलाओं को मार्गदर्शीत किया जा रहा है जिससे वह समूह के साथ-साथ शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर लाभान्वित हो सके