शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय किला भवन इंदौर में 2 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी. डी. श्रीवास्तव के संरक्षण एवं प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी. पी. बैरागी के मार्गदर्शन, प्राध्यापक डॉ. प्रेरणा ठाकुर की उपस्थिति में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। सर्वप्रथम प्राचार्य डॉ. बी. डी. श्रीवास्तव ने महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके पश्चात उपस्थित प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्राओं ने पुष्प अर्पित कर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. बी. डी. श्रीवास्तव ने छात्राओं को सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सेवा के मार्ग पर चलने की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने उद्बोधन में महात्मा गांधी जी के जीवन-दर्शन, सत्याग्रह, अहिंसा तथा स्वच्छता के प्रति उनके विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज एवं राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाकर विद्यार्थी समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने तथा अपने आसपास स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण निर्मित करने का संदेश दिया गया। साथ ही गांधी जी के आदर्शों को अपने आचरण में उतारने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शीतल ब्राह्मणे, इकाई- 2 द्वारा किया गया। कार्यक्रम में प्रो. अमरीश निगम, प्रो. आशीष कपूर सहित अन्य प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन-मूल्यों, सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता विकसित करना है।






