उज्जैन 30 सितंबर। उपसंचालक उद्यानिकी ने जानकारी दी की बुधवार को विकासखंड घट्टिया अंतर्गत ग्राम जैथल के प्रगतिशील कृषक श्री सुन्दरलाल चौधरी जी के प्रक्षेत्र पर राज्य पोषित योजना के अंतर्गत एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में माननीय श्री अमर सिंह जी, खोरिया की गरिमामयी उपस्थिति रही।इस अवसर पर ग्रामंचल नर्सरी, महिदपुर से श्री ओमप्रकाश कुमावत जी ने रोपणी प्रबंधन विषय पर कृषकों का मार्गदर्शन किया।

पशुपालन विभाग, विकासखंड घटिया से डॉक्टर इन्दरसिंह जी उपस्थित रहे। कृषि विभाग से वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्रीमती रजनी एवं क्षेत्रीय अधिकारी श्रीमती पुष्पलता डावर ने कृषि विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।खेती टेक प्रा. लि. से एग्रोनोमिस्ट श्री मयूर धारपुरे एवं श्री रमेश जी ने संरक्षित खेती विषय पर कृषकों को तकनीकी जानकारी प्रदान की।

उद्यानिकी विभाग से श्रीमती पूनम ठक्कर, ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी (RHEO) ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।तकनीकी सत्र के पश्चात् मेजबान कृषक श्री सुन्दरलाल चौधरी जी के प्रक्षेत्र का भ्रमण किया गया। इस दौरान प्रक्षेत्र पर बने लो-कॉस्ट शेडनेट तथा उसमें लगी टमाटर फसल का अवलोकन किया गया।

साथ ही फूलगोभी, मूली, गोभी की नर्सरी एवं मक्का जैसी उद्यानिकी तथा अन्य फसलों का भी निरीक्षण कर कृषकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती प्रीति निरंजन कनोजिया ने किया। आभार प्रदर्शन प्रभारी वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी सुश्री मिताली चौधरी ने किया।इस कार्यक्रम से क्षेत्र के कृषकों को रोपणी प्रबंधन, संरक्षित खेती, उद्यानिकी फसलें एवं विभागीय योजनाओं की उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई