उज्जैन, 29 सितम्बर। कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा के द्वारा मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में विभिन्न आवेदनों पर जनसुनवाई की गई।शहर के गणगौर दरवाजा, सिद्धसेन मार्ग निवासी रविन्द्र त्रिवेदी ने आवेदन देकर शिकायत की कि क्षेत्र में विवाह एवं अन्य कार्यक्रमों में न्यायालय द्वारा निर्धारित डेसिबल की सीमा से अधिक आवाज में डीजे/बैंड संचालकों के द्वारा डीजे का संचालन किया जा रहा है।
जिस वजह से न सिर्फ ध्वनि प्रदूषण होता है, बल्कि स्थानीय निवासियों, विशेषत: वृद्धजनों और कमजोर हृदय वालों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है। अत: विभिन्न कार्यक्रमों में निर्धारित सीमा से अधिक आवाज में डीजे के उपयोग पर तुरंत रोक लगाई जाए।
इस पर थाना प्रभारी खाराकुआं को जांच कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।ग्राम कांवलीखेड़ा, तहसील तराना निवासियों ने आवेदन दिया कि वे गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करते हैं तथा पात्र होने के बाद भी आवासीय योजना में उनका नाम नहीं है।
इस पर तहसीलदार तराना को आवश्यकतानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।झारड़ा निवासी बाबू खान ने आवेदन दिया कि वे काफी समय से गांव में रह रहे हैं तथा उन्हें आवासीय पट्टा प्रदान किया जाए।
इस पर तहसीलदार झारड़ा को उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।बड़नगर निवासी बाबूलाल ने आवेदन दिया कि उनकी कृषि भूमि पर सीमांकन कराए जाने के पश्चात भी व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से किया गया कब्जा अभी तक छोड़ा नहीं गया है। अत: शीघ्र अतिशीघ्र कब्जा हटवाया जाए।
इस पर एसडीएम बड़नगर को मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।तराना निवासी भगवान सिंह ने आवेदन दिया कि उनके स्वामित्व की कृषि भूमि पर आवागमन के मुख्य मार्ग पर एक व्यक्ति के द्वारा अवैध रूप से अतिक्रमण कर बाड़ लगा दी गई है। जिस वजह से उन्हें कृषि कार्य करने में काफी परेशानी हो रही है और उनकी फसल को भी काफी नुकसान पहुंच रहा है।
इस पर तहसीलदार माकड़ौन को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।इसी प्रकार अन्य अधिकारियों द्वारा जनसुनवाई में आए अन्य मामलों में आवश्यक कार्यवाही की गई