उज्जैन जिले में सीएम हेल्पलाइन के 50 से 100 दिन से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सोमवार को प्रशासनिक संकुल भवन में समयावधि पत्रों की समीक्षा करते हुए कहा कि इन मामलों की प्रगति गुरुवार को फिर जांची जाएगी।

जन विश्वास अभियान के तहत सीएम हेल्पलाइन में मिली शिकायतों की विभागवार स्थिति भी बैठक में देखी गई। सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को लंबित मामलों की लगातार निगरानी करने और एसडीएम को निराकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

संबल के आवेदन 30 दिन में निपटाने का निर्देश

संबल योजना की समीक्षा में सहायक संचालक श्रम को प्रत्येक आवेदन का 30 दिन के भीतर अनिवार्य रूप से निराकरण करने के निर्देश मिले। अनुग्रह सहायता राशि से जुड़े प्रकरणों और दूसरी हितग्राही योजनाओं के मामलों को भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा गया।

6 अक्टूबर के अभियान के लिए तीन विभाग करेंगे समन्वय

बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 6 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य, शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए।

आयुष्मान भारत, एएनसी पंजीयन, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम कुसुम योजना, किसान पंजीयन और किसान क्रेडिट कार्ड की प्रगति भी समीक्षा में शामिल रही। सेवा संकल्प अभियान के तहत बड़े स्तर पर पौधारोपण कराने के निर्देश भी दिए गए।

सेवा यात्रा के आगमन की तैयारी

बैठक में आने वाले दिनों में वाडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा के उज्जैन पहुंचने की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कुमट, एडीएम अत्येंद्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर शाश्वत शर्मा, सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।