देवास जिले के ग्राम कैलोद में सोमवार को लगे निःशुल्क स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर में 316 से अधिक मरीजों का ओपीडी पंजीयन हुआ। महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए 120 से अधिक महिलाओं की सर्वाइकल यानी गर्भाशय ग्रीवा कैंसर स्क्रीनिंग की गई।

सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत स्वास्थ्य विभाग ने यह शिविर आयोजित किया। उपमुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने शिविर का शुभारंभ कर यहां उपलब्ध जांच और उपचार परामर्श की व्यवस्थाएं देखीं।

एक ही जगह विशेषज्ञ सेवाएं और कई जांच

शिविर में हृदय, स्त्री, हड्डी, नेत्र, दंत, नाक-कान-गला रोग और जनरल मेडिसिन से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध रहीं। स्तन, सर्वाइकल और मुख कैंसर स्क्रीनिंग के साथ मलेरिया, हेपेटाइटिस, सिफिलिस, टीबी, रक्त शर्करा और एक्स-रे जांच भी की गई।

एआई हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन से 120 एक्स-रे किए गए, जबकि 304 मरीजों की रक्त शर्करा जांच हुई। टीबी स्क्रीनिंग में 31 संभावित मरीजों के स्पुटम सैंपल ट्रूनेट जांच के लिए संग्रहित किए गए।

मोबाइल मेडिकल वैन से भी मिली जांच सुविधा

शिविर में आवश्यक जांच और रक्तदान से जुड़ी प्रक्रिया के लिए 72 लोगों के रक्त नमूने लिए गए। आईसीटीसी के तहत 66 संभावित लोगों की जांच हुई और हेपेटाइटिस व सिफिलिस के लिए भी 66 संभावित लोगों की जांच की गई। मलेरिया की 12 जांच हुईं तथा 350 से अधिक हितग्राहियों की विभिन्न जांचों का डेटा एनसीडी पोर्टल पर अपडेट किया गया।

पांच नए हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए और गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई। निजी अस्पताल की चार मोबाइल मेडिकल वैन से नेत्र, दंत, मुख कैंसर, सर्वाइकल कैंसर और स्तन कैंसर स्क्रीनिंग की सेवाएं दी गईं।

उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने ग्रामीणों से ऐसे शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की। कार्यक्रम के बाद उन्होंने विधायक मनोज चौधरी के साथ जिला जेल देवास परिसर की आदर्श गौशाला में गौपूजन और पौधरोपण भी किया।