जिले के अधिकाधिक किसान फार्मर प्रोड्यूसर कम्‍पनी (एफपीओ) से जुड़कर सामुहिक रूप से एक जैसी खेती करें, एक साथ एक जैसी अच्‍छी गुणवत्‍ता वाली फसलों का उत्‍पादन कर अपनी उपज को एक साथ विक्रय कर अधिक लाभ कमाएं और खेती को लाभ का धन्‍धा बनाएं।

यह बात उज्‍जैन संभाग के पूर्व संभागायुक्‍त श्री रविन्‍द्र पस्‍तौर ने गुरूवार को आगर-मालवा में समर्थ किसान प्रोड्यूसर कम्‍पनी की वार्षिक साधारण सभा की बैठक में उपस्थित किसानों को सम्‍बोधित करते हुए कही। इस मौके पर कलेक्‍टर डॉ.शेर सिंह मीना, जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी, जिला पंचायत अध्‍यक्ष प्रतिनिधि श्री भैरूसिंह चौहान एवं विभिन्‍न प्रोड्यूसर कम्‍पनी के संचालकगण एवं बड़ी संख्‍या में कम्‍पनी के सदस्‍य किसान भाई उपस्थित थे।

इस अवसर पर श्री रविन्‍द्र पस्‍तौर ने कहा कि उतराधिकार के कारण वर्तमान किसानों के पास कृषि का रकबा निरंतर कम होता जा रहा है, ऐसे में खेती की लागत भी बढ़ रही है। उन्‍होंने कहा कि किसान भाई एफपीओ से जुड़कर एक जैसी सामुहिक खेती, एक जैसी अच्‍छी गुणवत्‍ता वाली फसल का उत्‍पादन कर उत्‍पादित उपज को एक साथ विक्रय करेंगे, तो खेती की लागत कम होगी और लाभ बढ़ेगा।

उन्‍होंने किसानों से प्रोड्यूसर कम्‍पनी के साथ जुड़कर कम्‍पनी के माध्‍यम से कृषि आधारित अन्‍य आर्थिक एवं व्‍यवसायिक गतिविधियां भी बढ़ाने का आव्‍हान् किया। कलेक्‍टर डॉ. शेर सिंह मीना ने समर्थ किसान प्रोड्यूसर कम्‍पनी को किसानों के हित में हरसंभव सहयोग एवं प्रशासनिक मदद प्रदान करने का विश्‍वास दिलाया।

कम्‍पनी के सीईओ श्री रामसिंह ठाकुर ने समर्थ किसान प्रोड्यूसर कम्‍पनी के वाषिर्क प्रतिवेदन प्रस्‍तुत करते हुए कहा कि इस कम्‍पनी से वर्तमान में 8234 किसान जुड़े हुए है। कम्‍पनी का वार्षिक टर्नओवर इस साल 10 करोड़ और लाभ 38 लाख का हुआ है। कम्‍पनी के पास 5 हजार मैट्रिक टन के वेयर हाउस है। 8 कर्मचारी एवं 25 सेवा प्रदाता कार्यरत है।

कार्यक्रम को जिला पंचायत सीईअे श्री बीएस सोलंकी एवं एनआरएलएम के जिला प्रबंधक संजीव सक्‍सेना ने भी सम्‍बोधित किया।