मध्यप्रदेश शासन की ‘मां तुझे प्रणाम’ योजना के अंतर्गत राजगढ़ जिले के तीन युवाओं आनंद शर्मा, राजमोहन नरवरिया एवं बंटी विश्वकर्मा का चयन हुआ है। चयनित युवा बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व एवं चांचाई फाल का भ्रमण करेंगे। योजना के माध्यम से युवाओं को प्रदेश की प्राकृतिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के साथ ही प्रकृति, पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करने का अवसर मिलता है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अपनी समृद्ध जैव विविधता और वन्यजीवों के लिए प्रसिद्ध है, वहीं चांचाई फाल मध्यप्रदेश के प्रमुख प्राकृतिक पर्यटन स्थलों में शामिल है।
चयनित युवा महाविद्यालय राजगढ़ की राष्ट्रीय सेवा योजना के सक्रिय स्वयंसेवक हैं तथा सामाजिक क्षेत्र में भी अपनी सक्रियता के चलते पहचान रखते हैं। विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरूकता गतिविधियों में उनकी भागीदारी रही है। इनके चयन पर एनएसएस के जिला संगठक डॉ. शैलेन्द्र कुमार मेवाड़ा एवं प्राचार्य डॉ. खरे ने हर्ष व्यक्त करते हुए तीनों युवाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवाओं को ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलता है।
राजगढ़ से तीन युवाओं का ‘मां तुझे प्रणाम’ योजना के लिए चयन जिले के लिए गौरव का विषय है। चयनित युवाओं ने इस अवसर के लिए प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह यात्रा उन्हें मध्यप्रदेश की प्राकृतिक संपदा को करीब से जानने और पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने का अवसर प्रदान करेगी।


