खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा उपार्जन के लिए कृषक पंजीयन की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जो 10 अक्टूबर तक चलेगी। जिले में किसानों की सुविधा के लिए 5 समिति स्तरीय पंजीयन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। जिला आपूर्ति अधिकारी द्वारा बताया गया कि कृषक इन केन्द्रों पर उपस्थित होकर पंजीयन करा सकते हैं।

निर्धारित केन्द्रों में तहसील मार्केटिंग सोसाइटी खंडवा, छनेरा एवं खालवा तथा कृषि सहकारी समिति पंधाना एवं दौलतपुरा शामिल हैं। किसानों को पंजीयन केन्द्रों पर भीड़ से बचने के लिए स्वयं के मोबाइल अथवा कंप्यूटर, ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं तहसील सुविधा केन्द्र के माध्यम से निःशुल्क पंजीयन की सुविधा उपलब्ध है।

इसके अलावा अधिकृत MPOnline, CSC, लोक सेवा केन्द्र एवं निजी साइबर कैफे के माध्यम से अधिकतम 50 रुपये प्रति पंजीयन की दर से ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन कराया जा सकता है। उन्होंने बताया कि ई-उपार्जन पोर्टल mpeuparjan.nic.in पर पंजीयन की सुविधा उपलब्ध है। सिकमी एवं वन पट्टाधारी किसानों का पंजीयन केवल निर्धारित समिति स्तरीय पंजीयन केन्द्रों पर ही किया जाएगा।

इस वर्ष धान, ज्वार एवं बाजरा का समर्थन मूल्य पंजीयन एग्रीस्टेक आईडी के माध्यम से किया जाएगा। एग्रीस्टेक में संबंधित फसल दर्ज नहीं होने पर पंजीयन नहीं किया जा सकेगा। साथ ही एग्रीस्टेक में दर्ज फसल में पंजीयन के दौरान संशोधन भी नहीं किया जा सकेगा।