मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद की नवांकुर संस्था ‘सेवा संकल्प वेलफेयर सोसाइटी’ द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान अभियान’ के अंतर्गत स्थानीय आदिवासी संग्रहालय परिसर में आज पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार तथा मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और शहर को स्वच्छ एवं हरित बनाना था। कार्यक्रम में नगर निगम छिंदवाड़ा के महापौर श्री विक्रम अहके, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन, कार्यक्रम संयोजक श्री संदीप अग्निहोत्री, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त वरिष्ठ समाजसेवी श्री विनोद तिवारी एवं संस्था अध्यक्ष डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा उपस्थित थे। अतिथियों ने अभियान से जुड़े स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों, सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थियों एवं शहर के प्रबुद्धजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आदिवासी संग्रहालय परिसर में विभिन्न प्रकार के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। इस दौरान रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई एवं सुरक्षित संरक्षण का भी संकल्प लिया गया।
नगर निगम महापौर श्री विक्रम अहके ने पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए सेवा संकल्प वेलफेयर सोसाइटी के सभी सदस्यों को ‘क्लीन एवं ग्रीन छिंदवाड़ा’ के संकल्प के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरियाली के लिए किए जा रहे ऐसे सामूहिक प्रयास शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं हरा-भरा बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर पॉलिथीन मुक्त एवं हरित छिंदवाड़ा का सामूहिक संकल्प लिया गया। परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन ने नागरिकों से दैनिक जीवन में पॉलिथीन थैलियों का उपयोग बंद कर कपड़े या जूट के थैलों को अपनाने तथा स्वच्छता को जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। श्री जैन ने उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।
समाजसेवी श्री विनोद तिवारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति की रक्षा और स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अधिक से अधिक पौधे लगाकर और स्वच्छता बनाए रखकर हम अपने शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बना सकते हैं।
संस्था सचिव एवं कार्यक्रम संयोजक श्री संदीप अग्निहोत्री ने कहा कि केवल पौधारोपण कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण करना और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता फैलाना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ‘पॉलिथीन मुक्त एवं हरित छिंदवाड़ा’ का स्वप्न तभी वास्तविकता बनेगा, जब शहर का प्रत्येक नागरिक अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएगा।
कार्यक्रम के अंत में संस्था अध्यक्ष डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा ने आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी प्रशासनिक अधिकारियों, अतिथियों, संस्था के वरिष्ठ मार्गदर्शकों, सदस्यों एवं मीडियाकर्मियों का आभार व्यक्त किया।
आयोजन में संस्था की वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुश्री आराधना शुक्ला, प्रवक्ता डॉ. डी.एस. चौरे, श्री इमरत चक्रवर्ती, श्री विजय बहादुर वर्मा, राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक श्री रवींद्र नाफड़े, अपूर्वा फाउंडेशन श्री अध्यक्ष संजय साहू, परामर्शदाता डॉ. लता नागले, श्री आशीष साहू, श्रीमती मंजू कमलेश डेहरिया, श्री मरकाम, श्री नंदू निर्मलकर, श्री मुकेश दीक्षित, डॉ. डी.एस. मालवी, डी.पी. मालवीय, श्री जितेंद्र अलबेला, डॉ. लतिका सिंह, डॉ. महेश बन्देबार, ऋचा, सुश्री रोशनी, दीपक, श्री टिवंकल, सुश्री मोहिनी, श्री अमित बरखानिया, श्री चितेश डेहरिया, सुश्री शीतल श्रीवास, सुश्री प्रीति, श्री चित्रांशी निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में परिषद के गणमान्य नागरिक एवं संस्था के सदस्य उपस्थित थे।
